अवैध रूप से किए जा रहे खनन की शिकायत पर एसडीएम ने ट्रैक्टर ट्राली, डंपर, बोलेरो सहित कई बुग्गियां सीज की। इससे खनन माफिया में खलबली है। एसडीएम कुसुम चौहान ने गंगा में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसलिए तहसीलदार और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में दो टीम गठित की गईं।
टीम ने रविवार सुबह बॉडी टीप और भोगपुर क्षेत्र में छापेमारी की। दो डंपर, पांच ट्रैक्टर ट्रॉली, एक बोलेरो समेत कई बुग्गी पकड़ीं, जिनमें रेत और फोग लदा था। रवन्ना मांगने पर वे नहीं दिखा सके। इस पर सभी वाहनों को सीज कर दिया गया। टीम की जांच में सामने आया कि गंगा से अवैध रूप से खनन सामग्री नजदीक के ही एक स्टोन क्रशर में ले जा रहे थे।
टीम ने स्टोन क्रशर के पास एक जेसीबी भी सीज की। क्रशर के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। टीम में तहसीलदार आशीष घिल्डियाल, नायब तहसीलदार सुशील सैनी, प्रवीण राठौर, राजवीर सिंह, सुधीर सिंह, विनोद कंबोज, रवि अग्रवाल, ऋषिपाल सैनी, सुनीति पाल, कुंवर पाल आदि रहे। वहीं, तहसीलदार ने भोगपुर से एक ट्रक को भी सीज कर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।
एकड़ में दो ट्रैक्टर-ट्राली की सीज
पथरी में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान अवैध खनन सामग्री से भरी दो ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी। कार्यवाहक थानाध्यक्ष भजराम चौहान ने बताया कि एकड़ के निकट वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान खनन सामग्री से भरी दो ट्रैक्टर ट्राली को रोका गया। चालक खनन सामग्री से संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके। इस पर दोनों ट्रैक्टर ट्राली सीज कर दी है। इस संबंध में रिपोर्ट एसडीएम हरिद्वार को भेजी जा रही है।