ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। खाना न परोसने को लेकर हुए विवाद में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने बल्ली से हमला बोलकर ढाबाकर्मी की जान ले ली। घटनास्थल से फरार होने में कामयाब रहे युवकों की तलाश में कनखल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है।
हरिद्वार लक्सर मार्ग पर जगजीतपुर (बकरा मार्केट) के पास कस्बा बहादराबाद निवासी जयचंद का मनारिया ढाबा है। रोजाना की तरह शुक्रवार देर रात भी जयचंद ढाबा बंद होने के बाद अपने घर चले गए थे। ढाबे पर मौजूद कर्मचारी खाना खा रहे थे। इसी दौरान ढाबे पर मोटरसाइकिल सवार दो युवक पहुंचे। उन्होंने ढाबाकर्मियों से खाना परोसने की बात कही लेकिन ढाबाकर्मियों ने ढाबा बंद होने की बात कहकर खाना उपलब्ध न होने की बात कही। आरोप है कि शराब के नशे में धुत रहे युवकों ने वहां पड़ी लकड़ी की बल्ली से ढाबाकर्मियों पर हमला बोल दिया। बल्ली से एक ढाबाकर्मी राजेंद्र (48) पुत्र फूल सिंह निवासी न्यू विष्णु गार्ड जगजीतपुर के सिर पर गहरी चोट आ गई। मोटरसाइकिल सवार युवक फरार हो गए। इधर, आनन फानन में ढाबा कर्मी को पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुबह करीब पांच बजे उसकी मौत हो गई। ढाबाकर्मी की मौत की सूचना मिलने पर एसओ हरिओमराज चौहान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ढाबाकर्मियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। एसओ ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रहे हैं, ताकि युवकों की पहचान हो सके।