ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। कोर्ट के आदेश पर सिडकुल पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि युवक ने अपने भाई के साथ मिलकर हत्या कर देने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में एक गांव में किराए पर रहने वाली युवती सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत है। युवती का अपने एक सहकर्मी से प्रेम प्रसंग हो गया। इसी दौरान युवक ने जल्द ही शादी करने का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि चार साल तक युवक शादी की बात पर टाल मटोल करता रहा और शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती ने जब दबाव बनाया तब युवक ने अपने भाई के साथ मिलकर उसके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट कर दी और हत्या की धमकी भी दी। एसओ देवराज शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दीपक वर्मा पुत्र किरमल सिंह निवासी हताईमाणीपुर बाजारनगर कासगंज यूपी एवं उसके भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।