ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। जिला पंचायत सदस्य प्रीति चौहान को हथियार के बल पर बंधक बनाकर कई लाख के जेवरात-नगदी लूटने की वारदात का मास्टर माइंड परिचित ही है। इस तरह की जानकारी पुलिस महकमे से निकलकर आ रही है। माना जा रहा है कि अगले चौबीस घंटे में कनखल पुलिस वारदात से पर्दा उठा ही देगी।
30 मार्च को कनखल की संदेशनगर कालोनी निवासी भाजपा नेता एवं स्टोन क्रशर स्वामी कदम सिंह चौहान की पत्नी प्रीति एवं छह वर्षीय मासूम बेटी को बंधक बनाकर कई लाख के जेवरात एवं ढाई लाख की रकम दिन दहाड़े लूट ली गई थी। बदमाश मोटरसाइकिल पर फरार होने में कामयाब रहे थे। पुलिस एवं सीआईयू ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से बाइक का नंबर ट्रैस कर लिया था। वेस्ट यूपी के गाजियाबाद में रजिस्टर्ड बाइक नंबर के आधार पर स्थानीय पुलिस वारदात में शामिल चेहरों तक पहुंचने में कामयाब रही। चर्चा है कि लूट की घटना का पूरा खाका भाजपा नेता कदम सिंह चौहान के ही एक परिचित ने खींचा था। बताया जा रहा है कि आरोपी बिजनौर जिले से ताल्लुक रखता है। चर्चा है कि पुलिस के हत्थे लुटेरे चढ़ चुके हैं और जल्द ही पूरी घटना का खुलासा भी हो जाएगा। पुलिस टीमों का फोकस लूटे गए माल की रिकवरी पर है।
नगर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय की माने तो घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।