हरिद्वार। इलाज के नाम पर तीन सगे मौलवी भाइयों ने गाजियाबाद के एक युवक से एक लाख की रकम ठग ली। कोर्ट के आदेश पर ज्वालापुर पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गाजियाबाद के गांव आसिफपुर थाना निवाडी मोदीनगर के रहने वाले हरीशंकर पुत्र वीरसिंह ने कोर्ट को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने टीवी पर ज्वालापुर की न्यू अंसारी मार्केट कटहरा बाजार के मौलवी सूफी राशिद का विज्ञापन देखा था। जिसमें हर बीमारी की उपचार का दावा किया था। वह अपनी बीमार मां को लेकर वह यहां पहुंचा था। तब मौलवी राशिद, उसके भाई अरमान और सलमान ने एक हजार की रकम व कुछ सामान लेकर क्रिया करने की बात कहकर वापस जाने को कहा था। कुछ दिन बाद मौलवी बंधुओं ने उससे एक लाख की रकम की डिमांड कर दी थी। दावा किया था कि उसकी मां ठीक हो जाएगी, चाहे वह स्टांप पेपर पर इस बात को लिखवा ले। मां की बीमारी को देखते हुए युवक फिर यहां पहुंचा और मौलवी बंधुओं को एक लाख की रकम दे दी। आरोप है कि एक लाख की रकम अदा करेने के बाद भी उसकी मां की तबियत में सुधार नहीं हुआ। इस बात की जानकारी जब मौलवी बंधुओं को दी गई तब वह हीलाहवाली करते रहे। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए मारपीट भी की गई।कोर्ट ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश पुलिस को दिए थे। एसएसआई संजीव थपलियाल ने बताया कि तीनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौलवी बंधु शक्ति नगर पथरी पॉवर हाउस रानीनुर के रहने वाले हैं।