अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। चौपहिया वाहन चोर गैंग के दो सदस्यों ने हरिद्वार कोतवाली पुलिस को सोनीपत के गांव शामडी से चोरी की गई तीन कार के पुर्जे बरामद कराए हैं।
एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि देहरादून जेल से बी वारंट पर वाहन चोर सोमवीर पुत्र करमवीर निवासी गांव शामली गोहणा सोनीपत एवं अक्षम पुत्र विजय सिंह निवासी गांव कलाणा गन्नौर सोनीपत हरियाणा को हरिद्वार जेल में शिफ्ट किया गया था।
कोर्ट से दो दिन का पुलिस कस्टडी रिमंाड पर आरोपियों की निशानदेही पर शामडी जिला सोनीपत से तीन कार के पुर्जे बरामद किए। बताया कि रिमांड की अवधि खत्म होने पर आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराकर उन्हें वापस जेल में शिफ्ट कर दिया गया।
गैंग लीडर विक्रांत मलिक को पीसीआर पर लेकर पहले ही पुर्जे बरामद किए जा चुके हैं। बता दें कि चौपहिया वाहन चोरों के गैंग का खुलासा ऋषिकेश पुलिस ने किया था।
हरिद्वार पुलिस ने दो चोर पकड़े
हरिद्वार। शहर कोतवाली पुलिस ने दो चोर दबोचे है। एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि ब्रह्मपुरी में एक घर में चोरी करने के आरोपी फैसज पुत्र तनवीर निवासी मोहल्ला घोसीयान को पकड़ा गया, जिसके कब्जे से नगदी बरामद हुई। बताया कि वहीं हरकी पैड़ी क्षेत्र में यात्री का मोबाइल फोन एवं पर्स चोरी करने के आरोप में बहतुल्ला पुत्र हिमायतुल्ला निवासी गांव बखीरा मेहदावल बेहवा गोरखपुर यूपी को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 1200 रुपये एवं मोबाइल फोन बरामद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है।