किशोरी और भाई के साथ मारपीट, पुलिस को सौंपा
मारपीट के दौरान किशोरी का भाई लापता, बढ़पुर मंदिर में चोरी का आरोप लगाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। बढ़पुर मंदिर में लाकेट चोरी करने का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने किशोरी और उसके भाई के साथ मारपीट कर दी। अफरातफरी के दौरान किशोरी का भाई लापता हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किशोरी को हिरासत में ले लिया। लाकेट मिलने के बाद भी पुलिस ने न किशोरी को छोड़ा और न ही उसके भाई की तलाश की।
जिला शाहजहांपुर के अल्हागंज कस्बा निवासी शिवानी दिवाकर (15) पुत्री वीरेश और उसका भाई किशन कुमार (10) शुक्रवार की सुबह बाजार करने के लिए फर्रुखाबाद बस से आई थी। दोपहर करीब 12 बजे शिवानी और उसका भाई बढ़पुर मंदिर में दर्शन करने पहुंचा। यहां एक परिवार बच्चे के लिए हवन पूजन कर रहा था। इस दौरान बच्चे का लाकेट गायब हो गया। परिजन लाकेट खोजने लगेे। इस दौरान परिवार के लोगों ने शिवानी और उसके भाई को चोरी का आरोप लगा कर पकड़ लिया। इनकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान किशोरी ने चोरी न करने के बारे में बताया। परिवार के लोग कुछ भी सुनने के लिए तैयार नहीं हुए। सूचना पर कोतवाल संजीव राठौर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। किशोरी ने पुलिस को बताया कि इस दौरान पंडित ने लाकेट बच्चे की मां को दे दिया। इसके बाद भी पुलिस किशोरी को पकड़ कर कोतवाली ले गई। शिवानी ने बताया कि साथ में भाई भी था। मारपीट के दौरान वह लापता हो गया। पुलिस ने भाई की खोजबीन करना मुनासिब नहीं समझा। उधर, कोतवाल संजीव राठौर ने बताया कि लाकेट चोरी होने की सूचना पर किशोरी को पकड़ा गया। वह मौके पर पहुंचे तो किशोरी ही मौजूद थी। दूसरे पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।