अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
राजमार्ग पर होटल अकलनंदा के सामने सैन्य वाहन की चपेट में आकर एक मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बेटा बाल-बाल बच गया। बेटे ने दुर्घटना को लेकर कानूनी कार्रवाई करने से इंकार किया है। दुर्घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे के आसपास घटित हुई।
लक्सर के गांव लाडपुर का रहने वाला मोहम्मद मुस्तकीम अपने पिता हमीद (85) को सप्तऋषि क्षेत्र में आंखों के अस्पताल गंगा माता में लेकर आया था। अस्पताल से लौटते वक्त मोटरसाइकिल चला रहा मुस्तकीम आगे चल रहे सैन्य वाहन को गलत साइड से ओवरटेक करने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने भी गलत साइड से मोटरसाइकिल से आगे निकलना चाहा। सैन्य वाहन और कार के बीच में चल रही मोटरसाइकिल का हैंडिल कार से टकराने से गिरे बुजुर्ग की सैन्य वाहन की चपेट में आकर दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मोर्चरी भेजा।
दुर्घटना के बाद सैन्य अफसर ने कोतवाली पहुंचकर हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि मृत हमीद के बेटे ने दुर्घटना के संबंध में कानूनी कार्रवाई से इंकार किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। सैन्य वाहन देहरादून से लेह लद्दाख जा रहा था।