ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। मंसादेवी मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे सीआईएसएफ जवान और उसके पिता के साथ किसी ने मारपीट कर दी। सीआईएसएफ जवान ने इस संबंध में तीन स्थानीय युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने युवकों की तलाश तेज कर दी है।
घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। मध्यप्रदेश के विजयनगर जिला गुना के केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान पवन शर्मा अपने परिजन के साथ गंगा स्नान करने आया था। मंगलवार सुबह वह परिवार के संग मंसा देवी मंदिर दर्शन करने गया था। जहां से वापस लौटते समय एक फूल प्रसाद की दुकान के बाहर रखी कुर्सी पर बैठने को लेकर सीआईएसएफ जवान का किसी से विवाद हो गया। आरोप है कि सीआईएसएफ जवान, उसके पिता कुंवरपाल शर्मा के साथ कई युवकों ने मारपीट कर दी।
मारपीट करने के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की गहनता से जानकारी ली। घटना के बाद कोतवाली पहुंचे जवान ने इस संबंध में दीपक, अर्जुन एवं छोटे को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मारपीट करने वाले स्थानीय फूल प्रसाद विक्रेता है, उनकी तलाश कर रहे हैं।