अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
ज्वालापुर से लापता हुई सातवीं कक्षा की दो छात्राएं रुद्रपुर उधमसिंह नगर में मिल गई। एक छात्रा डाक्टर तो दूसरी एक्टर बनने की ख्वाहिश लेकर घर छोड़कर गई थी। दोनों रुद्रपुर में अपनी एक सहेली के घर ही ठहरी हुई थी। इलेक्ट्रानिक्स सर्विलांस के जरिये पुलिस उन तक पहुंची।
छह दिन पहले ज्वालापुर के मोहल्ला पांडेयवाला और उससे सटी विष्णु लोक बस्ती की रहने दो सहेलियां लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर ज्वालापुर पुलिस हरकत में आ गई थी। दो दिन पहले एक छात्रा ने अपने परिजन से संपर्क साधा था। परिजन ने पुलिस को वह मोबाइल फोन नंबर उपलब्ध करा दिया था। पुलिस ने जब उस नंबर की लोकेशन निकाली तब वह रुद्रपुर जिला उधमसिंह नगर का निकलकर आया। एसआई सत्येंद्र नेगी की अगुवाई में रवाना हुई टीम ने रुद्रपुर से दोनों नाबालिगों को बरामद कर लिया।
एसएसआई संजीव थपलियाल ने बताया कि सातवीं कक्षा की छात्राएं अपनी एक सहेली के घर रह रही थी। सहेली के घर के पास ही एक किशोरी की नानी का घर भी है। वहां आने जाने के दौरान ही उसकी एक सहेली बन गई थी। बातचीत में छात्राओं ने बताया कि परिजन उन्हें अक्सर डांटते थे और वह डाक्टर-एक्टर बनना चाहती थीं। इसलिए नौकरी करके अपनी ख्वाहिश पूरी करने के मकसद से गई थी। बताया कि नाबालिगों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने जब एक छात्रा की डायरी देखी तो वह शायरी से भरी हुई थी।