- मोबाइल, सोने के कुंडल, आधार चोरी करने वाले आरोपी की तलाश शुरू
हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर एक दंपती के सोते समय मोबाइल, आधार कार्ड और सोने के कुंडल चोरी कर लेने का मामला सामने आया है। जीआरपी ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के गांव बीहट निवासी सतेन्द्र पाल सिंह ने जीआरपी थाने में दी तहरीर में बताया कि वह 10 अक्तूबर को अपनी पत्नी शीला देवी के साथ हरिद्वार घूमने आया था। घूमने के बाद दोनों 15 अक्तूबर को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पहुंचे और पूछताछ केंद्र के सामने बने हॉल में रात गुजारने के लिए रुक गए। रात में दोनों वहीं सो गए। सुबह उठने पर उनका मोबाइल, आधार कार्ड और पत्नी के दोनों कानों के सोने के कुंडल चोरी हो चुके थे। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।