मेला अस्पताल में ट्रू नेट मशीन से जांच करते टेक्निशियन ।
- फोटो : HARIDWAR
कोरोना के प्राथमिक लक्षणों के आधार पर लिए गए सैंपलों की जांच अब मेला अस्पताल में शुरू हो गई है। अस्पताल में ट्रुूनेट मशीन से हर रोज 28 सैंपलों की जांच हो सकेगी और इसकी रिपोर्ट उसी दिन मिल जाएगी।
मालूम हो कि शासन से हरिद्वार के लिए ट्रूनेट मशीन उपलब्ध कराई गई थी। मशीन मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बीते शुक्रवार से सैंपलों की जांच शुरू कर दी थी। अभी तक हरिद्वार का स्वास्थ्य महकमा यहां के सैंपलों को जांच के लिए दूसरे जिलों की लैब में भेज रहा था। इसलिए सैंपलों की रिपोर्ट धीमी गति से आ रही है। अब भी सैकड़ों सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। खास बात यह है कि कई दिन तो ऐसा भी होता है कि एक भी सैंपल की रिपोर्ट नहीं आती है, लेकिन ट्रूनेट मशीन के काम करने के बाद हर रोज 28 सैंपलों की रिपोर्ट मिल जाएगी।
सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि मशीन से कोविड-19 के जांच के लिए सैंपलों की टेस्टिंग शुरू हो गई है। जनपद के सभी कलेक्शन केंद्रों के सैंपल मेला अस्पताल में लाएं जाएंगे। सिविल अस्पताल रुड़की, बहादराबाद, नारसन, भगवानपुर, लक्सर और खानपुर की सीएचसी पर कलेक्शन सेंटर बनाया गया है। मेला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि पांच और 6 जून को भी चार-चार सैंपल जांच के लिए लगाए गए। सबकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि अभी तक मेला अस्पताल में रैपिड एंटीबॉडी टेस्टिंग किट्स से सैंपलों की जांच की जा रही थी।