हरिद्वार। रविवार देर रात हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर कार और ट्रक की भिड़ंत में उत्तराखंड पुलिस के एक कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात को अर्द्धकुंभ मेले के मायापुर थाने में तैनात कांस्टेबल दिनेश कुमार अपने परिचित राहुल पुत्र पूरण सिंह निवासी मुजफ्फरनगर के साथ कार से ऋषिकेश की ओर जा रहे थे। हाईवे पर वीआईपी घाट के पास सामने से आ रहे ईंटों से भरे बेकाबू ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। लालजीवाला थाने की पुलिस ने कार में सवार कांस्टेबल और उनके परिचित को बमुश्किल बाहर निकाला। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचा। चिकित्सकों ने कांस्टेबल दिनेश कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि उसके साथी की हालत गंभीर बनी है। दुर्घटना की खबर मिलते ही आईजी अर्द्धकुंभ जीएस मर्तोलिया, एसएसपी जेआर जोशी, एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज समेत कई आला अफसर जिला अस्पताल पहुंचे। एसपी सिटी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि दिनेश कुमार मूल रुप से टिहरी जिले के नरेंद्रनगर का रहने वाला था। दिनेश कुमार लंबे समय से हरिद्वार में तैनात था। कांस्टेबल को जिला अस्पताल में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। परिजन उसका शव लेकर नरेंद्र नगर के लिए रवाना हो गए।