हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में चल रहे राजनीतिक अस्थिरता के मामले को आपसी सौहार्द के साथ निपटाना चाहिए। जो भी संवैधानिक है वह होना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी शनिवार की शाम अपनी पत्नी उज्ज्वला तिवारी और बेटे यूपी सरकार के सलाहकार रोहित शेखर तिवारी के साथ हरिद्वार में जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र यूथ हॉस्टल में पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और यूथ हॉस्टल के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में राजनीतिक संकट का आपस में बैठकर समाधान निकाला जाना चाहिए। मामला क्योंकि न्यायालय में विचाराधीन है इसलिए वे हालात के बारे में तो कोई टिप्पणी नहीं करेंगे लेकिन उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मतभेद का कारण शायद आपसी संवाद की कहीं न कहीं कमी हो सकती है।
उन्होंने क्रिकेट के किशोरवय खिलाडिय़ों अमोल, प्रतीक शर्मा, रोहित, आदित्य, आशु, अश्विनी, कुणाल अभिषेक आदि से मुलाकात की। कोच इंद्रमोहन बडथ्वाल और कुलदीप असवाल ने सभी का परिचय कराया। तिवारी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामना दी।
हरिद्वार पहुंचने पर केंद्र की अध्यक्ष दीपा शर्मा, कमलकांत जोशी, पदम प्रकाश शर्मा, सुभाष घई कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनिल चौधरी, अनिल शर्मा, सचिन बेनीवाल, धर्मपाल ठेकेदार, गुलबीर चौधरी, ग्रेस कश्यप, संजय जोशी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। रोहित शेखर जोशी ने बताया कि जवाहरलाल नेहरु युवा केंद्र की नवगठित कार्यकारिणी का गठन किया गया है। रविवार को इस कार्यकारिणी को इस कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भाग लेंगे।