एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस ने हरिद्वार में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकाला। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।
मार्च की शुरुआत शिवमूर्ति से हुई और कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए शहीद पार्क, कोतवाली हरिद्वार के सामने तक पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई और चुनाव आयुक्त के इस्तीफे व गिरफ्तारी की मांग की।
मार्च में प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की और केंद्र की चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े किए।
हालांकि, मार्च के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की गैरमौजूदगी भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही। कांग्रेस के इस बड़े कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी के बीच हरीश रावत का नजर नहीं आना कई तरह की चर्चाओं को जन्म देता रहा।
कार्यक्रम को कांग्रेस के आगामी राजनीतिक आंदोलन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए कांग्रेस अपनी लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।