प्रदेश में पंचायती चुनाव कार्यक्रम को देखते हुए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने दो परीक्षाओं की तिथियों बदलाव किया है। आयोग की कंप्यूटर स्टाफ परीक्षा-2014 के तहत अभिक्षमता परीक्षा (लिखित और वस्तुनिष्ठ प्रकार) 16 अक्तूबर को होनी थी, यह परीक्षा अब 23 अक्तूबर को सुबह 10 से एक बजे के बीच होगी।
इस परीक्षा के लिए अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र आगामी सात अक्तूबर से आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं, आयोग की सहायक वन संरक्षक प्रारंभिक परीक्षा-2019 पहले छह अक्तूबर को होनी थी, जो अब आगामी तीन नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच होगी। अभ्यर्थी इस परीक्षा के लिए आयोग की वेबसाइट से आगामी 19 अक्तूबर से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इस संबंध में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से वेबसाइट पर सूचना अपलोड कर दी गई है।