नगर निगम और पतंजलि योगपीठ ने संयुक्त रूप से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गंगातट पर सफाई अभियान चलाया। अभियान की अगुवाई कर रहे बाबा रामदेव ने कहा कि सफाई से ही स्वस्थ भारत का निर्माण हो सकता है।
रोडीबेलवाला से शुरू हुए अभियान के दौरान बाबा रामदेव ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हमें स्वच्छता का संदेश देती है। सफाई से ही समृद्ध और स्वस्थ भारत का निर्माण हो सकता है। उन्होंने कहा कि हम सभी का धर्म है कि अपने आसपास स्वच्छता अभियान चलाएं और अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। आज जिस तरह से देश में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि बीमारियों का प्रकोप है ऐसे में स्वच्छता की महत्ता और भी बढ़ जाती है।
इस दौरान विधायक मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत का संदेश देकर स्वच्छता के प्रति जनमानस को जागरूक किया है। मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि नगर निगम की ओर से ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे। शपथ ग्रहण के बाद सभी लोगों ने गंगा घाटों की साफ सफाई की। बाबा रामदेव ने खुद कचरा उठाकर सभी को प्रेरित किया। हरकी पैड़ी, सुभाषघाट, गऊ घाट समेत आसपास के विभिन्न घाटों पर अभियान चलाया। इस दौरान सांसद रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद रहे। विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, आदेश चौहान, जिलाध्यक्ष सुरेश राठौर, पार्टी के जिला महामंत्री जयपाल सिंह, कन्हैया खेवड़िया, अनिल मिश्रा, राजकुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपाई और अन्य संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। सफाई अभियान के लिए कई आधुनिक मशीनें लगाई गई थी।