बहादराबाद ब्लाक के ग्राम बहादरपुर जट के राजकीय प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका रेणु गुप्ता की डेंगू से मौत हो गई। शिक्षिका के पति सहित अन्य सदस्य डेंगू से पीड़ित है। जिला मलेरिया विभाग ने शिक्षिका की मौत से अनभिज्ञता जताई है। अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को मृतका के घर पर जाकर रिपोर्ट ली जाएगी।
रेणु गुप्ता बहादुर जट के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका थी। उन्हें पिछले कई दिनों से बुखार था, जिसके चलते हुए मैक्सवेल अस्पताल कनखल में भर्ती कराया गया। जहां रिपोर्ट में उन्हें डेंगू की पुष्टि हुई। रेणु गुप्ता की अचानक से तबीयत बिगड़ने लगी और रविवार को उनकी मौत हो गई। उनके पति संजय गुप्ता भी डेंगू से पीड़ित हैं। अस्पताल के डायरेक्टर डा. कुमार प्रशांत ने बताया कि रेणु गुप्ता में डेंगू की पुष्टि हो गई थी। वहीं डेंगू से लगातार हो रही मौतों के मामलों को जिला मलेरिया विभाग मानने को तैयार नहीं है। जिला मलेरिया अधिकारी गुरनाम सिंह का कहना है कि शिक्षिका की मौत के मामले की जानकारी ली जाएगी। संबंधित अस्पताल से रिपोर्ट ली जाएगी।