प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को गति देने तथा हरिद्वार और अहमदाबाद में स्वच्छ भारत अभियान के लिए प्रचार-प्रसार करने के लिए अखिल भारतीय ढाट महेश्वरी समाज का एक दल भवानी शंकर हीरालाल के नेतृत्व में हरिद्वार पहुंचा।
हरकी पैडी पर तीर्थ पुरोहित पं. ब्रह्मदत, यज्ञ दत की अगुवाई में हरकी पैडी पर दल के सदस्यों को गंगा पूजन करवाया। अहमदाबाद से आए श्रद्धालुओं ने स्वच्छ गंगा-निर्मल गंगा तथा स्वच्छ भारत अभियान में सहयोग देने के लिए संकल्प लिया। गुजराती दल के संयोजक भवानी शंकर हीरा लाल ने बताया कि वे वर्ष में तीन बार हरिद्वार आकर धार्मिक अनुष्ठान करते हैं वहीं अपने समाज के युवाओं के साथ हरकी पैडी तथा अन्य गंगा घाटों पर सफाई अभियान में भी चलाते हैं। इस अभियान की विशेषता यह है कि हर बार गुजरात के विभिन्न शहरों से युवा, पुरुष-महिलाएं बड़ी संख्या में स्वेच्छा से हरिद्वार में आकर गंगा जी की सेवा और अपने शहर में जाकर लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करती हैं। हरकी पैड़ी पर आयोजित संकल्प सभा में दिलीप भाई, रोहित भाई, जितेंद्र भाई मेहता, प्रेमलता बेन, अंजना बेन, तेजस्वनी बेन आदि ने गुजरात से आए युवक-युवतियों को गंगा जी की निर्मलता बनाए रखने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में सहयोग देने का संकल्प दिलवाया। श्री गंगा सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा गांधीवादी एवं पदाधिकारियों ने गुजरात तीर्थयात्रियों का स्वागत किया।