- नगर कोतवाली क्षेत्र का मामला, मारपीट का वीडियो वायरल
हरिद्वार। नगर कोतवाल क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात हरियाणा से आए यात्रियों के दो गुटों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय व्यापारियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया लेकिन उनसे भी धक्का-मुक्की कर दी। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस एक्ट में चालान कर दिया। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार की रात खड़खड़ी में हरियाणा के यात्रियों के बीच किसी बात पर सड़क पर ही कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों में मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इस बीच कुछ लोगों ने मोबाइल फोन में ये पूरा घटनाक्रम कैद कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ लोग मौके से भाग निकले। छह लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया और चौकी ले गई। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि 81 पुलिस अधिनियम के तहत सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है।