- राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित अंडर-18 राज्य स्तरीय आमंत्रण प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए आठ मुकाबले
- 10 जनपदों की 14 टीमें कर रहीं प्रतिभाग
बालिका हॉकी में चंपावत की धमाकेदार जीत, 16 गोल दागे
हरिद्वार। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम, योगस्थली खेल परिसर रोशनाबाद में आयोजित चार दिवसीय अंडर-18 बालिका राज्य स्तरीय आमंत्रण हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन आठ मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में राज्य के 10 जनपदों की 14 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। दिन के मुकाबलों में चंपावत ने स्पोर्ट्स स्टेडियम रानीखेत को 16-0 से हराकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
बृहस्पतिवार को खेले गए पहले मुकाबले में हल्द्वानी (नैनीताल) ने खटीमा (ऊधमसिंह नगर) को 4-0 से हराया। दूसरे मैच में नैनीताल ने अल्मोड़ा को 4-0 से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में चंपावत ने स्पोर्ट्स स्टेडियम रानीखेत को 16-0 से हराया। वहीं, चौथे मैच में हरिद्वार बी ने स्पोर्ट्स स्टेडियम काशीपुर को 6-0 से पराजित किया।
पांचवें मुकाबले में देहरादून ने उत्तरकाशी को 6-0 से हराया। छठे मैच में रानीखेत और स्पोर्ट्स स्टेडियम काशीपुर के बीच मुकाबला 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ। सातवें मैच में हरिद्वार बी और चंपावत की टीमें 1-1 से बराबर रहीं। आठवें मुकाबले में पौड़ी गढ़वाल ने पिथौरागढ़ को 5-0 से हराकर जीत हासिल की।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र भंडारी, विक्रम सिंह, दीपक चंद जोशी और सौरव पटवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।