हरिद्वार। बीएचईएल के मानव संसाधन विकास केंद्र में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर महाप्रबंधक अतुल सचान और मानव संसाधन विकास केंद्र के प्रभारी हरीश सिंह बग्वार ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण में मनोयोग से भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अतुल सचान ने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है। इससे प्राप्त आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के आकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनगणना का सफल संचालन संबंधित कार्मिकों की दक्षता और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने पर निर्भर करता है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त होगी। प्रशिक्षक रवि कुमार गोस्वामी ने कहा कि जनगणना 2027 में डिजिटल माध्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल एप के माध्यम से जानकारी दर्ज करने, डिजिटल प्रक्रिया को समझने और निर्धारित तकनीकी दिशा-निर्देशों का पालन करने के बारे में जानकारी दी जा रही है। इस मौके पर विपुंज कुमार, दया शंकर शुक्ला, शिवा अग्रवाल आदि मौजूद रहे।