हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में मिली करारी शिकस्त से आहत बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता आगामी 11 अप्रैल को काला दिवस मनाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर मनाए जाने वाले इस काला दिवस के दौरान यूपी में जिला स्तर पर तथा उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में राजधानी स्तर पर विरोध प्रदर्शन करके राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी में ऐसे लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है जिन्होंने पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ काम किया।
गत दिवस लखनऊ में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती द्वारा बुलाई गई समीक्षात्मक बैठक से लौटने के बाद पार्टी को नए सिरे से मजबूत बनाने की कवायद में जुटे बसपा के प्रदेश अयक्ष भृगुराशन राव ने बताया कि विधानसभा चुनावों में भाजपा के इशारे पर ईवीएम में गड़बड़ी की गई। यही कारण रहा कि भाजपा की जीत इतनी बड़ी रही। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए प्रयोग में लाई गई ईवीएम में गड़बड़ी कराई गई थी। इसके विरोध में 11 अप्रैल को उत्तराखंड के बसपा कार्यकर्ता राजधानी देहरादून में प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि संगठन के स्तर पर भी विधानसभा चुनावों के परिणामों की समीक्षा की जा रही है। बताया कि ऐसे कार्यकर्ताओं को चिह्नित किया जा रहा है जिन्होंने चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम किया। हरिद्वार में 25 और 26 मार्च को बैठक कर विधानसभावार समीक्षा की जाएगी। ऐसे जो भी कार्यकर्ता चिह्नित किए जाएंगे उनके खिलाफ हाईकमान को रिपोर्ट भेजकर अनुशासनात्मक कार्रवाई कराई जाएगी।