कनखल की अलग-अलग कॉलोनियों में चोरों ने बंद मकानों के ताले तोड़कर हजारों की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। एक परिवार दीपावली मनाने शहर से बाहर गया था जबकि दूसरा परिवार फिल्म देखने। मंगलवार देर शाम वापस लौटने पर चोरी का पता चला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आशीष आहूजा पुत्र शिवराज कुमार निवासी संत महेंद्र सिंह एनक्लेव मिश्रा गार्डन का परिवार मंगलवार शाम फिल्म देखने गया था। चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ा और अंदर पहुंच गए। इसके बाद आलमारी के ताले तोड़ करीब 30 हजार की नकदी और जेवरात चोरी कर लिया। परिवार जब वापस लौटा तो घर का नजारा देख होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। इसी बीच पुलिस को संदेशनगर में एक और बंद मकान में चोरी की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि कुंदन पुत्र राम मोहन निवासी केशव कुंज परिवार के साथ दीपावली मनाने शहर से बाहर गए थे। मंगलवार रात परिवार वापस लौटा तो मेन गेट का दरवाजा टूटा था। अंदर सामान बिखरा मिला। चेक करने पर पता चला कि घर से हजारों रुपये की नगदी और जरूरी सामान चोरी हुआ है। थानाध्यक्ष हरिओम राज चौहान ने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है ताकि आरोपियों का हुलिया पता चल सके।