गौतमबुद्ध नगर के ध्यानार्थ...
- कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर सहगल पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बस की टक्कर से हुई भारतीय वायुसेना के जवान योगेश जादौन की मौत के मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक का एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर के रबूपुरा थाना क्षेत्र के मारहरा निवासी राजकुमार सिंह ने बताया कि उनका बेटा योगेश जादौन अपने दोस्त अमित यादव के साथ चार अक्तूबर को गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। छह अक्तूबर को दोनों हरिद्वार से घर लौट रहे थे। बताया कि दोनों हाईवे पर सहगल पेट्रोल पंप के पास प्रेमिला होटल के निकट पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही बस के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में योगेश जादौन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए अमित को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली। जांच की जा रही है।