बहादराबाद। थाना क्षेत्र में भवन निर्माण सामग्री चोरी करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। माना जा रहा है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, हसीन निवासी ग्राम मेहवड खुर्द नागल ठेकेदार है और भवन के निर्माण कराने के ठेके लेते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हरि आश्रय नगर बरात घर से निर्माण सामग्री चोरी हो गई। बीती 28 अगस्त की रात शटरिंग की 10 प्लेट, दो बंडल सरिया, 500 ईटें और उनके साथी ठेकेदार अनीस के 15 कट्टे सीमेंट चोरी करने के बाद एक लोडर वाहन में भरकर ले जाया गया।
ये घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो गई। जानकारी जुटाने पर पता चला कि वाहन सावेज नाम के व्यक्ति का है। खुद टेंपो चालक की तलाश में जुटे रहे, लेकिन वह हाथ नहीं आया। थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।