दौलतपुर डाकघर में गबन करने के मामले में सहायक अधीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने पोस्टमास्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बहादराबाद क्षेत्र के गांव दौलतपुर के डाकघर में स्थानीय लोगों ने खाते खुलवाए थे। पोस्टमास्टर ललित कुमार ने खाताधारकों की पासबुक एंट्री कर पासबुक हेड ऑफिस भेजने के नाम पर अपने पास रख ली थी। खातों में जमा की गई रकम की रसीद नहीं दी थी। खाताधारकों ने विभाग से शिकायत की गई तो विभाग ने पोस्टमास्टर ललित कुमार को निलंबित कर जांच शुरू कर दी थी। पचास से अधिक खाताधारकों की मोटी रकम हड़पने के आरोप में कई बार डाकघर पर प्रदर्शन हो चुका है। इस मामले में पीड़ितों ने थाने में इसकी लिखित में शिकायत की थी। डाक विभाग ने जांच के दौरान पाया कि खाताधारक दौलतपुर निवासी मनोज गिरि की पासबुक में पोस्टमास्टर ललित कुमार ने पच्चीस-पच्चीस हजार रुपये की तीन बार (75000) की एंट्री तो कर दी, लेकिन सरकारी खजाने में एक रुपये भी जमा नहीं कराए। अन्य खाताधारकों के खातों में भी इस तरह की गड़बड़ी आने की बात सामने आ रही है।
डाक विभाग के सहायक अधीक्षक आशीष कुमार ने मंगलवार को थाना बहादराबाद में पोस्टमास्टर ललित कुमार के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी हैं। कार्यवाहक थाना प्रभारी रणजीत सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर लिया गया। विवेचना में आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।