महिला कांग्रेस की पूर्व महासचिव ने फेसबुक पर उनकी पोस्ट पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में मेयर की बेटी और बेटे सहित एक अन्य पर मुकदमा दर्ज कराया है। पूरे प्रकरण की जांच एसओ कनखल विकास भारद्वाज कर रहे हैं।
क्षेत्र की गणेशपुरम कॉलोनी निकट सतीकुंड में कांग्रेसी नेता वंदना गुप्ता का निवास है। सोमवार को उन्होंने कनखल थाने में मेयर के बेटे और बेटी सहित एक अन्य के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 24 जून को उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट अपलोड की थी। आरोप है कि उनकी इस पोस्ट पर मेयर की पुत्री नेहा शर्मा, पुत्र गौरव शर्मा और युवा कांग्रेसी नेता नकुल माहेश्वरी ने एक एक कर कई दफा टिप्पणी की। आरोप है कि टिप्पणी में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। यहीं नहीं ब्लैकमेलर के नाम से भी संबोधित किया गया। आरोप लगाया कि उसकी छवि एक ब्लैकमेलर के तौर पर पेश करते हुए बदनाम भी किया गया। उन्होंने बताया कि इस टिप्पणियों से उन्हें मानसिक कष्ट हुआ है और काफी आघात पहुंचा है। उन्होंने अपनी हत्या की आशंका भी व्यक्त की है। उनकी तहरीर पर एसओ विकास भारद्वाज ने मेयर की पुत्री नेहा शर्मा, पुत्र गौरव शर्मा और नकुल माहेश्वरी निवासीगण कनखल के खिलाफ आईटी एक्ट समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।