केंद्र सरकार के सख्त रुख के बाद रविवार शाम जिलाधिकारी और एसएसपी के सक्रिय होने पर सिडकुल से रवाना हो रहे कर्मचारियों के कदम ठिठक गए। औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारियों को वेतन एवं उनके खाने पीने का इंतजाम न करने के आरोप में पुलिस ने पचास से अधिक ठेकेदारों पर लॉकडाउन एवं आपदा प्रबंधन के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लॉकडाउन लागू होने के बाद से हरिद्वार से सिडकुल के कर्मचारियों का पलायन लगातार जारी है। रविवार की शाम तक भी पलायन जारी था, लेकिन शाम को केंद्र सरकार के हर नागरिक को जहां है वहां रोक दिए जाने के निर्देश के बाद जिलाधिकारी और एसएसपी हरकत में आ गए। अधिकारियों ने जब रवाना हो रहे कर्मचारियों से पूछताछ की तो सामने आया कि उन्हें वेतन तक नहीं दिया गया है। यही नहीं लेबर ठेकेदार उल्टा उन्हें ही डरा धमका रहे हैं। ठेकेदारों ने उनके खाने पीने और रहने का भी कोई इंतजाम नहीं किया जा रहा है। देर शाम एसआई दिलबर सिंह कंडारी की तरफ से इस संबंध में सिडकुल थाने में मुकदमे दर्ज कराए गए। नगर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि पचास से अधिक औद्योगिक इकाइयों लेबर ठेकेदारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। कामगारों ने ही पूछताछ में यह जानकारी दी थी। बताया कि कामगारों के रहने और खाने पीने की व्यवस्था की गई है।