प्रेमनगर आश्रम में अधिकाररीयों की बैठक लेते हरिद्वार के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ।
- फोटो : HARIDWAR
हरिद्वार जिले के प्रभारी मंत्री बनाए गए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों की बैठक के दौरान कहा कि जिले में कोरोना से निपटने के लिए प्रशासन ने प्रभावी इंतजाम किए हुए हैं। उन्होंने आपदा के समय में अधिकारियों को किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी है। इस दौरान विधायकों ने प्रशासनिक अधिकारियों पर फोन नहीं उठाए जाने के आरोप लगाए।
सोमवार को जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने प्रेमनगर आश्रम में कोरोना से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए प्रभावी प्रबंध करें। लोगों की हरसंभव मदद की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उन्होंने जिलाधिकारी और सीएमओ से जिले में की गई सारी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि आइसोलनेशन वार्ड की सुविधा जल्दी ही बढ़ाकर एक हजार की जा रही है। जांच के लिए प्रतिदिन 100 सैंपल लेने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि निगमों और पंचायत विभाग के माध्यम से नगर और गांवों में सैनिटाइजेशन, सोडियम हाइपोक्लोराइड का छिड़काव कराया जा रहा है। गांवों में स्थापित आवश्यक सेवा और उत्पाद, जिनमें खाद्य सामग्री उत्पादक, सैनिटाइजर निर्माता आदि इकाइयों को सोशल डिसटेंसिंग व हाइजीन का पालन कराते हुए सामान तैयार कराने की अनुमति दी गई है। प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन की ओर से बांटी जा रही राहत सामग्री व राशि के लिए दुरुस्त प्रणाली और रिकॉर्ड मेंटेन करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसी आपदा की घड़ी में फोन बंद रखने वाले अधिकारियों को भी चेतावनी दी।
बैठक में विधायक आदेश चौहान, सुरेश राठौर और स्वामी यतीश्वरानंद ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं की जानकारी दी। आरोप लगाया कि प्रशासन के अधिकारी बैठकों में दावे तो बड़े बड़े कर रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि लोगों के फोन भी नहीं उठाते। सभी विधायकों ने किसानों के सामने पशुओं के लिए समुचित चारा, तैयार खड़ी गेहूं की फसल काटने के लिए जाने वालों के पास की व्यवस्थाएं खेतों में सिंचाई आदि की समस्या के निदान की मांग रखी। इस अवसर पर पशु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष विनोद आर्य, भाजपा के जिलाध्यक्ष जयपाल चौहान महामंत्री विकास तिवारी, सुशांत पाल सहित बढ़र संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राहत कोष में दिए 51000
हरिद्वार। राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति के तत्वावधान में गणेश बहावलपुर ट्रस्ट के प्रबंधक रमेश नारंग और राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति के महामंत्री विकास तिवारी ने कोरोना वायरस संक्रमण रोकथाम के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में 51000 हजार का चेक प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज को जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।