-सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में किरायेदारों के बीच चल रहे झगड़े को शांत कराने पहुंचे केयरटेकर और उसकी मां पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि एक युवक ने केयरटेकर के सिर पर सरिये से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव के दौरान उसकी मां के साथ भी मारपीट की गई। जान बचाने के लिए पीड़ित को दुकान में छिपना पड़ा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हरीश कुमार निवासी कृपाल नगर, रावली मजदूर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अमन कौशिक की बिल्डिंग में केयरटेकर के तौर पर काम करते हैं। पांच अक्तूबर की रात करीब आठ बजे बिल्डिंग में रहने वाले दो किरायेदारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था।
झगड़े की जानकारी मिलने पर वह अपनी मां के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद वह अपने कमरे में लौटे। आरोप है कि कुछ देर बाद अनमोल दो अन्य युवकों को साथ लेकर पहुंचा। इसके बाद उनसे मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने उसके सिर पर सरिये से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उनकी मां को भी पीटा। किसी तरह पास की दुकान में घुसकर जान बचाई। आरोप है कि इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।