विधायक महोदय की नाराजगी अब तक दूर नहीं हुई उनकी गाड़ी दूसरे दिन भी थाने में ही खड़ी रही। इस अजीबोगरीब मामले से पुलिस भी सांसत में है कि आखिर करे तो क्या करें । पुलिसवाले एक-दूसरे से कह रहे हैं कि क्या रास्ते से गाड़ी हटवाना क्या इतना गलत है।
मामला मंगलवार दोपहर का है जब रानीपुर विधायक आदेश चौहान रोहालकी गांव से वापस लौटे तो उन्होंने अपने ड्राईवर राजेन्द्र को काली माता तिराहे से गाड़ी मोड़कर लाने को कहा। उस समय हरिद्वार से रुड़की जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी।
जब गाड़ी घूम रही थी तो कुछ जाम की स्थिति नजर आई तो वहा पर तैनात होमगार्ड ने गाड़ी को आगे करने को कहा। विधायक के ड्राईवर राजेश ने होमगार्ड को बताया की यह विधायक की गाड़ी है। ड्राइवर का आरोप है कि होमगार्ड ने गाड़ी की चाबी निकाल ली थी, जो बाद में वापस कर दी।
यह बात जब विधायक आदेश चौहान को पता चली तो उन्होंने गाड़ी थाने में खड़ी करा दी और एसएसपी को फोन पर कहा कि होमगार्ड ने गाड़ी से चाबी निकाली है। जब तक गाड़ी से चाबी निकालने का स्पष्टीकरण नहीं दिया जायेगा तब तक गाड़ी थाने में ही रहेगी। एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने इस मामले की जांच सीओ सदर राजेश भट्ट को सौंपी है।
विधायक बुधवार को भी गाड़ी लेने नहीं आए। विधायक की गाड़ी बुधवार की शाम तक भी बहादराबाद थाने में ही खड़ी थी। यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।