सिद्धू मुसेवाला की गोलियों से भूनकर की गई हत्या के बाद देशभर में चर्चाओं में आए कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फिर से हार्डवेयर कारोबारी के पुत्र को धमकी मिली है। इससे पहले बीते मार्च में 20 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। मामले की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि अब दूसरे नंबर से धमकी दे दी गई। एसएसपी ने पुलिस और सीआईयू की विशेष टीमों का गठन कर जल्द मामले के खुलासे के निर्देश दिए हैं।
बता दें, नौ मार्च को कारोबारी संतोष महेश्वरी के पुत्र शिवेश महेश्वरी के मोबाइल नंबर पर कॉल कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम न मिलने पर हत्या की धमकी दी गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी थी। धमकी देने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। शुक्रवार शाम फिर से शिवेश महेश्वरी के मोबाइल पर कॉल आई। धमकी देते हुए रंगदारी के तौर पर सोना मांगा गया है। ऐसा न करने पर हत्या करने धमकी दी गई है। पीड़ित ने एसएसपी से मिलकर शिकायत की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि विशेष टीमों का गठन कर जल्द खुलासे के लिए लगाया गया है। जिस नंबर से धमकी दी गई है उसी से हरिपुर रायवाला क्षेत्र के दो हार्डवेयर व्यापारियों को भी लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी दी गई। दोनों मामलों में केस दर्ज हैं।
राजस्थान के यात्रियों का था नंबर
मार्च में पुलिस और सीआईयू की टीम की जांच में सामने आया था कि धमकी देने वाला मोबाइल फोन नंबर राजस्थान के किसी व्यक्ति के नाम पर था। ये नंबर किसी राजस्थान के यात्रियों का था, जो हरिद्वार में खो गया था। आरोपी हत्थे नहीं चढ़ पाया था। माना जा रहा था कि किसी स्थानीय शख्स ने ही धमकी दी होगी। अब फिर से लॉरेंस के नाम पर धमकी मिलने पर पुलिस अलर्ट हो गई है।