रोडवेज बस अड्डे पर अव्यवस्थाएं यात्रियों पर भारी पड़ रही हैं। वाटर पोस्ट पर लगी टोटियां गायब हैं तो वहीं परिसर में कूड़ा फैला है। बसों में यात्री मास्क नहीं पहन रहे हैं। बस अड्डे पर बसों का रूट व समय बताने वाला डिस्प्ले बोर्ड भी खराब पड़ा है।
बस अड्डों पर आने वाले यात्रियों के लिए परिवहन निगम लगातार सुविधाओं के दावे करता है। हरिद्वार बस अड्डे पर यह दावे खोखले साबित हो रहे हैं। हरिद्वार डिपो बस अड्डे पर सफाई व्यवस्था के लिए आठ कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके बाद भी यहां पर कूड़ा फैला रहता है। गर्मियों के सीजन में यात्रियों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।
------
बसों में भी गंदगी
स्थानीय रूटों पर चलने वाली बसों में भी गंदगी थी। चिप्स, बिस्टिक के अलावा पानी की खाली बोतलें भी पड़ी थी। ऐसे में यात्रियों को गंदगी में ही बसों में सफर करना पड़ रहा है। मास्क को लेकर भी अब अनदेखी होने लगी है। चालकों-परिचालकों के साथ ही यात्री भी अब मास्क नहीं लगा रहे हैं।
-------
बस अड्डे पर लगातार यात्रियों का आवागमन होता है। जिसके चलते गंदगी होती है। परिसर में तैनात सफाई कर्मचारी लगातार सफाई करते रहते हैं। बंद पड़े डिस्पले को जल्द सहीं करा जाएगा।
- प्रतीक जैन, एआरएम, हरिद्वार