हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रानीपुर झाल के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों जीजा-साले को टक्कर मार दी। बाइक फंसने से कुछ दूरी तक कार उसे घसीटते हुए चली गई। हादसे में साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। कार को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार की शाम की है। जब सौरभ धीमान (23) पुत्र प्रमोद धीमान निवासी दौलतपुर थाना बहादराबाद अपने जीजा आदित्य पुत्र सोनू धीमान के साथ मोटरसाइकिल पर हरिद्वार से दौलतपुर वापस लौट रहा था। रानीपुर झाल के पास पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार से कार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक कार में फंस गई। कुछ दूर तक कार घसीटते हुए बाइक को ले गई। सौरभ की मौके पर मौत हो गई जबकि आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। घायल आदित्य को भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा विनोद कुमार की तरफ से तहरीर मिली है। मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। कार को जब्त कर लिया गया है।
शराब पीकर वाहन कार चलाने का आरोप लगाया
- मृतक के चाचा विनोद कुमार की तरफ से दी गई शिकायत में बताया गया कि कार को प्रेरित चला रहा था। अंदर ईशांत, अक्ष्य, पार्थ, देवांश अग्रवाल, शिवांश, रितिक बैठे हुए थे। आरोप लगाया कि सभी व्यक्तियों ने शराब पी हुई थी। जिस वजह से दुर्घटना इतनी भयानक हुई।