हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सालों ने मिलकर जीजा पर हमला कर दिया। हमले में उसका हाथ टूट गया और सिर में भी चोटें आईं। साथ में मौजूद छोटी बच्ची को भी नहीं बख्शा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, समर खान पुत्र सुलेमान अली निवासी मोहल्ला कोटरावान ज्वालापुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जनवरी की शाम वह अपनी नाबालिग बेटी को साथ लेकर घर का समान खरीदने मंडी के कुआं के पास गया। जहां गुलजार खान, फरमान निवासी शाह गली मैदानियान पहले से मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने उसे व बेटी को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि गुलजार व फरमान ने हथौड़े व लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। उसकी बेटी ने बचाने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने आकर उसे बचाया। तब दोनों भाइयों ने जाते हुए उसे हत्या की धमकी दी। समर ने बताया कि उसका हाथ टूट गया और सिर में काफी चोटें आई हैं। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।