हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में सिलाई सेंटर के बाहर खड़े होने से मना करने पर दो युवकों ने भाई-बहन पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आयान पुत्र निसार निवासी तिरूपति कॉलोनी सलेमपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके मकान में सिलाई सेंटर संचालित है, जहां आए दिन कुछ युवक खड़े रहते थे। चार जनवरी को उसके भाई ने यहां खड़ा होने से मना कर दिया। इस पर उन्होंने हाथापाई शुरू कर दी। आदित्य व चिंटू ने उसके भाई पर चाकू से छह वार किए।
शोर सुनकर उसकी बहन भाई को बचाने पहुंची तो दोनों ने उसके हाथ पर भी चाकू से हमला कर दिया। घटना के समय घर में अन्य कोई मौजूद नहीं था। उपचार कराने के बाद इस संबंध में सोमवार को तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।