हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र से संदिग्ध हालात में लापता हुई बुजुर्ग महिला का शव बहादराबाद के पास गंगनहर से एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि बुजुर्ग बीमारी से परेशान थी। ऐसे में आशंका है कि उन्होंने आत्महत्या की होगी। पुलिस ने मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, बाला देवी (85) निवासी गुरुबक्श विहार कॉलोनी कनखल 19 मई की सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं। परिजनों ने कनखल कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी थी। गंगनहर में डूबने की आशंका के बीच पुलिस और एसडीआरएफ ने भी खोजबीन शुरू करते हुए अभियान चलाया।
बुधवार को एसडीआरएफ के टीम कमांडर उप निरीक्षक आशीष त्यागी ने टीम के साथ खोजबीन में जुटे थे। इस बीच टीम को बहादराबाद क्षेत्र में गंगनहर में एक महिला का शव दिखाई दिया। टीम ने शव को नहर से बाहर निकाला। बाद में परिजनों ने शव की पहचान बाला देवी के रूप में की। पुलिस को बुलाकर शव उन्हें सौंप दिया। एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।