दिल्ली-ऋषिकेश पैसेंजर में बरेली के युवक का शव लटकता हुआ मिला। प्रथम दृष्टया पुलिस घटना को आत्महत्या मानकर चल रही है। मृतक की जेब से कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ है।
शुक्रवार की शाम टिबड़ी रेलवे फाटक के पास वॉशिंग लाइन में दिल्ली ऋषिकेश पैसेंजर की साफ सफाई हो रही थी। इसी दौरान सफाई कर्मियों ने एक कोच में एक युवक का शव रस्सी के फंदे के सहारे झूलता देखकर जीआरपी को सूचना दी। सूचना पर एसओ जीआरपी अनुज सिंह ने लटक रहे शव को नीचे उतरवाया। मृतक की जेब से मिले आईडी प्रूफ के आधार पर उसकी पहचान निखिल (22) पुत्र भगवान स्वरूप निवासी श्रेया एनक्लेव कालोनी दोहरा थाना वरादरी जिला बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि निखिल का अपनी पत्नी से भी विवाद चल रहा है और वह आजकल मायके में है। एसओ अनुज सिंह ने बताया कि मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है।