- कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने नीट पेपर और सीबीएसई मूल्यांकन पर उठाए सवाल
- कहा, सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह हुई विफल साबित
हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने नीट पेपर लीक मामले, सीबीएसई मूल्यांकन प्रक्रिया की खामियों औैर विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रदेश दौरे पर भी सवाल उठाए। कहा कि भाजपा नेताओं को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। बृहस्पतिवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान आलोक शर्मा ने कहा कि वर्ष 2024 में सामने आए नीट पेपर लीक मामले के बाद भी सरकार ने कोई ठोस सुधारात्मक कदम नहीं उठाए। कहा कि जिन लोगों की भूमिका पहले सवालों में रही उन्हीं लोगों को फिर से जिम्मेदारी सौंपने से इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। सरकार छात्रों और अभिभावकों के विश्वास को लगातार कमजोर कर रही है।
कहा कि सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया में भी भारी अव्यवस्था देखने को मिली। छात्रों को उम्मीद से बेहद कम अंक मिले जिसके बाद शिकायतें सामने आने पर अंकों में सुधार किया गया। कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग में निम्न गुणवत्ता वाले स्कैनर का इस्तेमाल किया गया जिससे मूल्यांकन प्रभावित हुआ।आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। उन्होंने पूछा कि अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई। नीट पेपर लीक व परीक्षा में गड़बड़ियों के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है। कहा कि प्रदेश और देश की जनता इन मुद्दों पर जवाब चाहती है, लेकिन सरकार चुप्पी साधे हुए है। इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, संजय सैनी आदि मौजूद रहे।