चिड़ियापुर क्षेत्र के जंगल में 21 दिसंबर को सड़े गले मिले बिजनौर के प्रेमी युगल के शवों के विसरा एवं डीएनए सैंपल जिला अस्पताल की मोरचरी में ही पड़े हैं। बिजनौर पुलिस केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेकर चलती बनी लेकिन इन महत्वपूर्ण साक्ष्य को लेकर बिलकुल भी गंभीर नहीं दिखाई दे रही है। अब श्यामपुर पुलिस ने इस संबंध में बिजनौर पुलिस से पत्राचार करने का मन बनाया है।
पिछले माह मिले शव की पहचान अगले दिन हो गई थी। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन, एक बैग, दो देसी तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद हुए थे। श्यामपुर पुलिस की तफ्तीश में सामने आया था कि मृतक महिपाल (30) पुत्र रतिराम निवासी साहरपुर इसहाक जलालाबाद जिला बिजनौर यूपी और रितु (28) पुत्री बीरबल निवासी गांव बिरामपुर नजीबाबाद बिजनौर 20 नवंबर से लापता थे। 24 नवंबर को युवती की शादी होनी थी, लेकिन वह अपने प्रेमी के साथ चली आई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया था कि दोनों के ही सिर बुरी तरह कुचले हुए थे और हड्डियां टूटी हुई थी। मौत की वजह साफ न होने पर विसरा सुरक्षित रख लिया था। प्रेमी युगल की पहचान की तस्दीक के लिए डीएनए सैंपल भी ले लिए गए थे। बिजनौर में युगल की गुमशुदगी दर्ज थी लिहाजा अग्रिम कार्रवाई भी उन्हें ही करनी थी। चंद दिन बाद बिजनौर पुलिस आई थी लेकिन वह केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल देखकर चलती बनी। एसओ श्यामपुर दीपक कठैत ने बताया कि विसरा और डीएनए सैंपल को कब्जे में लेने के लिए बिजनौर पुलिस को पत्र लिख रहे हैं।