उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित चीला हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्लांट की मरम्मत, आधुनिकीकरण और क्षमता विस्तार के काम की जिम्मेदारी बीएचईएल को दी गई है। 200 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के इस आर्डर के अंतर्गत प्लांट की 36 मेगावाट की चार इकाईयों में से प्रत्येक की क्षमता को बढ़ाकर 39 मेगावाट किया जाएगा।
भेल के मीडिया विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस आर्डर के अनुसार बीएचईएल को परियोजना के डिजाइन, इंजीनियरिंग, विनिर्माण, आपूर्ति, डिस्मेंटलिंग, परीक्षण और टरबाइन, जनरेटर आदि के महत्वपूर्ण उपकरणों की कमीशनिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आर्डर से संबंधित प्रमुख उपकरणों का निर्माण और आपूर्ति भेल की भोपाल, झांसी, रुद्रपुर और बंगलूरू इकाईयों द्वारा की जाएगी। जबकि साइट पर इंस्टॉलेशन गतिविधियों का दायित्व कंपनी के पावर सेक्टर, नॉर्दर्न रीजन डिवीजन नोएडा द्वारा निभाया जाएगा। चीला पावर प्लांट की इकाइयां 35 से अधिक वर्षों से प्रचलन में हैं और इन इकाइयों के आधुनिकीकरण और क्षमता के विस्तार से संयंत्र की ऊर्जा दक्षता और उपकरणों को और ज्यादा लंबे समय तक सही रखने में मदद मिलेगी। बीएचईएल ने हाल ही में केरल राज्य विद्युत बोर्ड के कुट्टियाडी जल विद्युत परियोजना के आधुनिकीकरण और क्षमता विस्तार का भी एक आर्डर प्राप्त किया है।