भेलकर्मी राहुल कुमार का शव शुक्रवार सुबह चीला पावर हाउस की नहर में उतराता मिला। जबकि प्रेमिका का शव दो दिन पहले ही पुलिस ने बरामद किया था।
भेल के सेक्टर तीन के रहने वाले राहुल कुमार की कार 18 नवंबर को चीला में लावारिस अवस्था में मिली थी। उसमें धामपुर (बिजनौर) निवासी एएनएम की छात्रा का पर्स, मोबाइल और जूते भी मिले थे। छात्रा कनखल की विष्णु गार्डन कालोनी में किराये पर रहती थी। बृहस्पतिवार को छात्रा का शव चीला नहर से बरामद हो गया था। शनिवार सुबह लक्ष्मण झूला थाने की चीला चौकी पुलिस को चीला पावर हाउस की नहर में उतरता हुआ शव दिखने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकाला। अन्य लोगों की मदद से इसकी पहचान राहुल कुमार के रूप में की। लक्ष्मण झूला थाना प्रभारी निरीक्षक महेश्वर पूर्वाल ने बताया कि शव की पहचान परिजनों ने कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रेमी जोड़े के लापता होने के मामले पर नजर
भेलकर्मी 18 नवंबर को लापता हुआ था। देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं चला। पिता ऋषिकुमार रिश्तेदारों के साथ थाने पहुंचे लेकिन, तभी लक्ष्मण झूला थाने की चीला पुलिस ने उसकी कार चीला क्षेत्र से लावारिस अवस्था से बरामद करने की सूचना दी। कार से राहुल का मोबाइल, पर्स के अलावा धामपुर निवासी युवती का सामान मिला था। युवती कनखल के विष्णु गार्डन में किराये पर रहती थी और रुड़की के एक शिक्षण संस्थान से एएनएम का कोर्स कर रही थी। युवती के परिजन अगले दिन कनखल थाने पहुंचे। दोनों एक साथ गायब हुए है। 11 नवंबर को भेलकर्मी की शादी हुई थी।