मतगणना से पहले ही कुछ प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जश्न की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। कहीं जीत के गीत बन रहे हैं तो कहीं मिठाइयों के ऑर्डर दिए जा रहे हैं। ढोल नगाड़े वालों से भी संपर्क साधा जा रहा है।
चुनाव प्रचार के लिए गीत बनाने वाली सलीम जावेद की जोड़ी को अभी तक कई विजयी गीतों की बुकिंग मिल चुकी है। ज्वालापुर ईदगाह रोड निवासी शायर और गीतकार सलीम सिद्दीकी ने मुख्यमंत्री हरीश रावत, यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कैबिनेट मंत्री आजम खां सहित तमाम दिग्गजों के लिए गीत लिखे हैं। नोटबंदी के बाद पैदा हुए हालात पर लिखा गया उनका गीत जबरदस्त हिट हुआ और उत्तराखंड के अलावा यूपी में भी प्रचार में खूब इस्तेमाल हुआ। जनपद की अलग- अलग सीटों से किस्मत आजमा रही ममता राकेश, अंबरीश कुमार, ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, मोहम्मद शहजाद के अलावा देहरादून और उधमसिंहनगर के कई प्रत्याशियों के लिए भी जावेद साबरी की आवाज में गीत बनाए हैं। जावेद को अक्सर राजनीतिक मंचों पर गीत पेश करते हुए देखे जाता है। सलीम सिद्दीकी बताते हैं कि जीत के गीत लिखने के कई ऑर्डर मिल चुके हैं।
फिलहाल गीत लिखे जा रहे हैं, मतगणना से पहले इन गीतों की धुन तैयार कर जावेद साबरी की आवाज में रिकॉडिंग किए जाएंगे। वहीं ज्वालापुर निवासी नौशाद शेख भी कई बसपा व कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए विजयी गीत लिख रहे हैं। इनके अलावा हरिद्वार निवासी मिठाई कारोबारी कुलदीप, ज्वालापुर निवासी इखलाक अंसारी को मिठाई के ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं।