ज्वालापुर से सटे गांव सीतापुर के राष्ट्रीय इंटर कालेज में गणतंत्र दिवस पर भीमराव अंबेडकर के कथित अपमान को लेकर तनाव फैल गया। अंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए एक पक्ष ने स्कूल कैंपस के बाहर जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने जैसे- तैसे स्थिति संभाली। एक छात्र ने कथित अपमान के संबंध में तहरीर दी है।
इंटरमीडिएट के छात्र अंकुश ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भाषण दे रहा था। इसी बीच जब उसने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संबंध में बात रखनी चाही तो उसके हाथ से माइक छीन लिया गया। यही नहीं लिखित भाषण भी फाड़ डाला और जातिसूचक शब्द कहे गए। आरोप है कि बाबा साहेब की फोटो का भी अपमान किया गया। पास के गांव जमालपुर कलां के रहने वाले छात्र की ओर से गांव में जानकारी देने पर बड़ी संख्या में एक पक्ष के लोग एकत्र होकर स्कूल कैंपस के बाहर पहुंच गए। हंगामा होने की सूचना पर गांव के लोग भी एकत्र हो गए।
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमन-े सामने आ गए। छात्र के समर्थन में पहुंचे प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बाबा साहेब का अपमान करने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस के समझाने पर हंगामा कर रही भीड़ फिर कोतवाली पहुंच गई। नगर पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल, सीओ सदर जेपी जुयाल ने भीड़ को समझाबुझाकर वापस भेजा। सीओ ने बताया कि छात्र की शिकायत पर मामले की जांच कर रहे है। इधर, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्र ने कार्यक्रम को लेकर कोई रिर्हसल नहीं की थी और भीमराव की फोटो का अपमान नहीं किया गया है।