ऑटो विक्रम महासंघ से जुड़े वाहन चालकों और मालिकों ने तेल की कीमतों में हो रही बढ़ोत्तरी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार से तेल की कीमतों में वृद्घि को वापस लेने की मांग की गई।
मंगलवार को न्यू पंचपुरी ऑटो विक्रम कल्याण समिति सेक्टर दो के कार्यालय पर प्रदर्शन के बाद महासंघ के अध्यक्ष पवन अरोड़ा ने कहा की पहले ही चार माह लॉकडाउन से चालक और मालिक परेशान थे, अब डीजल वृद्धि से व्यवसाय की कमर तोड़ दी है। हरिद्वार में यात्री नहीं आने के कारण ऑटो व्यवसाय बुरी तरह पटरी से उतर गया है। सरकार को वाहन चालकों और मालिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
सेक्टर दो चालक समिति के अध्यक्ष प्रिंस लौहट ने कहा कि सरकार को तत्काल निर्णय लेकर पेट्रोल और डीजल के दामों में की गई वृद्धि को वापस लेनी चाहिए। महामंत्री राजेश भट्ट ने कहा की ऑटो में सवारी क्षमता आधी कर दिए जाने और अब डीजल के दामों में वृद्धि से ऑटो चलाना मुश्किल हो गया है। सरकार को पहले की ही तरह सवारी क्षमता बढ़ाने के आदेश करने चाहिए जिससे बढ़ी हुई तेल की कीमतों की भरपाई की जा सके। आदेश पंडित ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में पूरी क्षमता पर व्यवसायिक वाहन चल रहे हैं फिर उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य में क्यों नहीं। प्रदर्शनकारियों में मुदित तिवारी, अरविंद तिवारी, गुरुदीप, अशोक कुमार, बाबू सिंह, विनय कुमार, जितेंद्र कुमार, राजेश कुमार, सोमदत्त शर्मा, पप्पन, नावेद अंसारी, विक्की, हरीश अरोड़ा, रामकुमार, सुरेश राणा, प्रवीण, अनवर, शमीम शामिल आदि शामिल रहे।