-सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की विवेचना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के टांडा औरंगाबाद गांव में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर घर में घुसकर युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान तलवार से उसके सिर पर वार किया गया। बचाव में हाथ आगे करने पर तलवार हाथ पर लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, टांडा औरंगाबाद निवासी जयपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाले बलकार सिंह और उसके परिवार से करीब दो साल से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि 17 अगस्त की दोपहर करीब डेढ़ बजे वह घर में बैठा था। तभी बलकार सिंह, जयपाल, अजीत सिंह उर्फ नीटू, अमन, दीपक सिंह, हरबीर, सतनाम, पिंकी, परमजीत उर्फ पम्मो और हरमन सिंह घर में घुस आए।
सभी के हाथों में तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियार थे। घर में घुसते ही सभी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बलकार सिंह और हरबीर ने तलवार से सिर पर वार किया। जयपाल सिंह ने बचने के लिए हाथ आगे किया तो तलवार हाथ पर लग गई। इससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई।
शोर मचाने पर उसकी पत्नी विमल देवी मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सभी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। उसने अपने बेटे गुरु इकबाल सिंह के साथ भी मारपीट की। सीओ सदर एसपी बलूनी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।