महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने की प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता
सरकार की जांच का सच लाया जाए जनता के सामने : अमन गर्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति और प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि सरकार की जांच का सच जनता के सामने आ सके।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय के लिए संघर्ष कर रही है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी भारत जोड़ो यात्रा में अंकिता भंडारी हत्याकांड को प्रमुखता से उठाया।
कहा कि जनवरी 2026 में सीबीआई ने केस दर्ज कर जांच शुरू की लेकिन छह महीने बीतने के बाद भी जांच कहां तक पहुंची, इसकी कोई जानकारी नहीं है। आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी के परिजनों ने भाजपा के जिन दो वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगाए थे, सीबीआई जांच में उनका अब तक कोई उल्लेख नहीं है।
कहा कि हाल ही में अंकिता भंडारी के माता-पिता ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिलकर उन्हें सीबीआई जांच में हो रही देरी के संबंध में अवगत कराया और न्याय दिलाने में सहयोग की मांग की। राहुल गांधी ने अंकिता के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
अमन गर्ग ने कहा कि सीबीआई जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और निष्कर्षों को जनता के सामने रखा जाए। अंकिता के परिवार को पूरा न्याय दिया जाए। इस मौके पर मुरली मनोहर, संतोष चौहान, सीपी सिंह, महेश प्रताप राणा आदि मौजूद रहे।