हरिद्वार। शिक्षकों के कार्यालय और स्कूलों के अटैचमेंट निरस्त कर दिए गए हैं। उपशिक्षा अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से मूल तैनाती वाले स्थलों पर नियुक्ति लेने के आदेश जारी किए हैं।
सोमवार को उप शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर ने विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक के आदेश का हवाला देते हुए अटैचमेंट व्यवस्था को निरस्त कर दिया है। उन्होंने आदेशों में कहा है कि ब्लॉक क्षेत्र में संचालित विद्यालयों में कोई शिक्षक, कार्मिक किसी कार्यालय, विद्यालय में अटैचमेंट पर चल रहे हैं तो उसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है।
इसके साथ ही यह भी निर्देशित किया जाता है कि शिक्षक और कार्मिक अपने मूल विद्यालय में अपनी उपस्थिति दें। समस्त प्रधानाध्यापकों को भी अटैचमेंट अध्यापकों को कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि कार्यभार ग्रहण करने और कार्यमुक्त करने की सूचना भी दें। चेतावनी दी है कि आदेशों का अनुपालन न करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।