हरिद्वार। बैरागी कैंप स्थित हनुमान मंदिर पर पंच निर्वाणी अणी अखाड़े ने धर्मध्वजा फहराई। संतों और महंतों ने एक स्वर से मेले की सफलता की कामना की।
धर्मध्वजा फहराते हुए दक्षिणकाली पीठाधीश्वर कैलाशानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि कुंभ मेलों की परंपराएं अद्भुत हैं। इन्हीं मेलों से देश की पहचान बनती है। उन्होंने कहा कि कुंभ में पौराणिक परंपराओं निर्वहन किया जाता है।
निर्वाणी अणी के श्रीमहंत धर्मदास ने कहा कि यह नगरी चारों धाम का प्रवेश द्वार है। गंगा में स्नान से चारों धाम का दर्शन हो जाता है। स्वामी आनंद स्वरूप ने कहा कि भारतीय संस्कृति की पताका विदेशों में फहराने लगी हैं। महामंडलेश्वर कपिल मुनि ने कहा कि अर्द्घकुंभ मेला धर्म के महत्व को दर्शाता है। आवाहन अखाड़े के महंत शिवशंकर गिरी ने आरोप लगाया कि कुछ संतों द्वारा भ्रामक प्रचार कर धार्मिक आस्थाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। यह गलत है। अर्द्घकुंभ मेला आईजी जीएस मर्तोलिया ने कहा कि मेले की सफलता के लिए संतों का आशीर्वाद चाहिए। उन्होंने कहा कि हर सूरत में मेले को सकुशल संपन्न कराया जाएगा। इस मौके पर नंदराम दास, दया सिंधु शर्मा, मेला एसएसपी जगत राम जोशी, मेला एसपी श्वेता चौबे सहित अनेक साधु-संत उपस्थित थे।